गांधी परिवार के ट्रस्ट सत्ता प्रभाव के दुरुपयोग का बड़ा दृष्टान्त : किरण माहेश्वरी
मनीष शर्मा , नरेन्द्र शर्मा
कुवारिया l पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि राजीव गांधी प्रतिष्ठान एवं परिवार के अन्य ट्रस्ट सत्ता के प्रभाव के दुरुपयोग के ज्वलंत उदाहण है। प्रतिष्ठान की स्थापना के समय देश के सभी प्रमुख उद्योगपतियों ने इसमें चंदा दिया था। जब सरकार के कर्ताधर्ता चंदा देने के लिए कहे तो सत्ता बल का प्रभाव स्पष्ट रुप से झलकता है।
किरण माहेश्वरी ने कहा कि गांधी परिवार के निजी ट्रस्टों को प्रधानमंत्री राहत कोष से अनुदान दिया जाना नैतिकता एवं प्रशासनिक शुचिता का गंभीर उल्लंघन है। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी एवं चीन सरकार से चंदा लेना बड़ा कदाचार है। 2004 से 2014 तक कांग्रेस की केंद्रीय सत्ता में सार्वजनिक उपक्रमों एवं कई ट्रस्टों ने इन ट्रस्टों को बड़े बड़े चंदे दिए थे।
किरण माहेश्वरी ने कहा गांधी परिवार के प्रतिष्ठान एवं अन्य ट्रस्टों की जांच पर मुख्यमंत्री एवं अन्य कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया चंदे की कांग्रेसी संस्कृति का बचाव करने का प्रयास है। महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री अतुले ने इसी प्रकार के ट्रस्टों से भ्रष्टाचार की विधा विकसित की थी।
किरण माहेश्वरी ने कहा कि गांधी परिवार के ट्रस्टों को सत्ता पर परोक्ष नियंत्रण का अनुचित लाभ मिला है। इनकी निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी जांच हमारी सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपुर्ण है।